नागौर में कांग्रेस ने महिला आरक्षण बिल को लेकर केंद्र सरकार पर जुबानी हमला बोला। गुरुवार को नागौर कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी पदाधिकारियों ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए इसे आम जनता को मुद्दों से भटकाने की रणनीति बताया। सीकर जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला ने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण जैसे गंभीर मुद्दे पर केवल राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को उनका अधिकार देने में जानबूझकर देरी की जा रही है। ‘भाजपा की गुटबाजी से प्रशासन बेलगाम’ नागौर जिलाध्यक्ष हनुमान बांगडा ने स्थानीय प्रशासन और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिले की जनता आपसी गुटबाजी का खामियाजा भुगत रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा में दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही है, जिससे अधिकारी बेलगाम हो गए हैं और प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सरकारी दफ्तरों में दलालों का बोलबाला बांगडा ने आरोप लगाया कि सरकारी कार्यालयों में दलाल सक्रिय हैं और भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का प्रशासन पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया है, जिससे विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं। सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री मंजू देवी मेघवाल, पीसीसी सचिव रामनिवास ग्वाला और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा सोलंकी सहित कई नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ और भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो कांग्रेस बड़े स्तर पर जन आंदोलन शुरू करेगी।