कोटा में एक निर्माणाधीन दो मंजिला मकान में काम कर रहे कारीगर की अचानक गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह पेड़ा खोलने का काम कर रहा था, तभी सहारा टूट गया और वह नीचे आ गिरा। हादसे के बाद गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना आरके पुरम थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम 5 बजे की है। जानकारी के अनुसार, अजय आहूजा नगर स्थित उड़िया बस्ती निवासी 33 वर्षीय राजाराम निर्माण कार्य के दौरान पेड़ा टूटने से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के वक्त उसके साथ काम कर रहे साथी मजदूर नरेश ने बताया कि गुरुवार की शाम लगभग 5 बजे वह अंदर सीमेंट का मसाला तैयार कर रहा था, जबकि राजाराम बाहर दीवार पर चेन और झूला पेड़ा खोलने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक पेड़ा टूटने से राजाराम सीधे नीचे गिर पड़ा। आवाज सुनते ही मौके पर मौजूद चौकीदार और अन्य मजदूर तुरंत पहुंचे, जहां से उसे गंभीर हालत में ऑटो के जरिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर आरके पुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। आज(शुक्रवार) परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। मृतक राजाराम शादीशुदा था और उसके तीन बच्चे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।