मतदान के दिन ईवीएम में प्रत्याशियों के नाम और चुनाव चिह्न में गड़बड़ी का मामला अब पुनर्मतदान तक पहुंच गया है। बिछीवाड़ा पंचायत समिति की पाल पादर ग्राम पंचायत के मतदान केंद्र संख्या-02 पर अब रविवार 1 नवंबर को दोबारा मतदान कराया जाएगा। निर्वाचन विभाग ने ग्रामीणों की शिकायतों और विरोध के बाद यह निर्णय लिया है। गौरतलब है कि 28 अक्टूबर को मतदान के दौरान पाल पादर में ईवीएम को लेकर विवाद हो गया था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत नाम निर्देशन पत्रों में दर्ज प्रत्याशियों के नाम और ईवीएम में प्रदर्शित नामों में अंतर था। ग्रामीणों ने नामों के क्रम और चुनाव चिह्नों की अदला-बदली होने की शिकायत करते हुए मतदान का विरोध किया था। मामला बढ़ने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस जाब्ता भी तैनात करना पड़ा था। इसके बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू की। अब निर्वाचन आयोग के निर्देश पर संबंधित मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान का कार्यक्रम जारी किया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रकाश चंद्र रेगर ने बताया कि पंचायत समिति बिछीवाड़ा के पंचायत निर्वाचन क्षेत्र संख्या-1 के मतदान केंद्र संख्या-02 पर 1 नवंबर को पुनर्मतदान होगा। पाल पादर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के कमरा नंबर-02 में सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इस केंद्र पर 28 अक्टूबर को हुए मतदान के स्थान पर अब नए सिरे से मतदान प्रक्रिया पूरी होगी।