वेटरनरी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शुक्रवार को 623 उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इसके साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 2 कुलाधिपति स्वर्ण पदक और 36 स्वर्ण पदक सहित कुल 42 पदकों से सम्मानित किया जाएगा। गुरुवार को कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास की अध्यक्षता में कुलगुरु सचिवालय में आयोजित विश्वविद्यालय की 32वीं अकादमिक परिषद एवं 38वीं प्रबंध मण्डल की अलग-अलग बैठकों में इन उपाधियों एवं पदकों को अनुमोदन प्रदान किया गया। बैठक में स्नातक, स्नातकोत्तर, विद्यावाचस्पति एवं पशुपालन डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के परीक्षा परिणामों का भी अनुमोदन किया गया। इसके अलावा अकादमिक परिषद एवं प्रबंध मण्डल की पिछली बैठकों में रखे गए विभिन्न मुद्दों और प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। विश्वविद्यालय में शुक्रवार को आयोजित होने वाले नवम दीक्षांत समारोह की तैयारियों एवं कार्यक्रम की रूपरेखा से दोनों बैठकों के सदस्यों को अवगत करवाया गया। बैठक में कुलसचिव पंकज शर्मा ने एजेंडे प्रस्तुत किए। उपाधियों एवं पदकों के अनुमोदन के साथ दीक्षांत समारोह की तैयारियां विश्वविद्यालय की बैठक का प्रमुख विषय रहीं। प्रबंध मण्डल की बैठक में डॉ. गोविंद सहाय शुक्ला, जगमाल सिंह राईका, करण सिंह राजपुरोहित, मधु कुमावत, डॉ.इन्द्रजीत सिंह, प्रो.बीएन श्रृंगी, प्रो.राजेश कुमार धूड़िया एवं डॉ.गोविन्द सहाय गौतम उपस्थित रहे। डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे आएंगे, यह रहेगा कार्यक्रम राज्यपाल हरिभाऊ बागडे शुक्रवार को बीकानेर आएंगे। वे राजस्थान पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे तथा इसके बाद विश्वविद्यालय परिसर में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल बागडे शुक्रवार सुबह 10.40 बजे नाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे प्रातः 11.10 बजे राजस्थान पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय परिसर पहुंचकर नवम् दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे। दोपहर 2 बजे विश्वविद्यालय परिसर में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेने के बाद नाल एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। यहां से वे वायुमार्ग से जयपुर जाएंगे।