सम्मान समारोह के दौरान मौजूद भामाशाह व अन्य। भास्कर न्यूज़ । नागौर जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सहयोग के लिए सुरपालिया के भामाशाह डॉ. श्रवण कुमार बाटण को सम्मानित किया गया। विद्यालय विकास में उनके योगदान की सराहना करते हुए अतिथियों ने उन्हें सम्मान-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया। डॉ. बाटन द्वारा विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से सांस्कृतिक मंच एवं टीन शेड निर्माण कार्य में पूर्ण आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। इस सहयोग से विद्यालय में विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सकी है। भामाशाह प्रेरक तेजाराम ने बताया कि भामाशाहों के सहयोग से विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण मिल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डॉ. श्रवण कुमार बाटण का यह योगदान अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। समारोह में वक्ताओं ने शिक्षा के विकास में जनसहयोग की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि समाज के सहयोग से सरकारी विद्यालयों में निरंतर विकास कार्य संभव हो रहे हैं। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न भामाशाहों का भी सम्मान किया गया।