पहाड़ी थाना पुलिस ने कठौल से धीमरी जाने वाले रास्ते पर एक झोपड़ी से छह साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन और सात सिम कार्ड जब्त किए हैं। अधीक्षक डीग शरण गोपीनाथ ने बताया- गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मूंगस्का निवासी अरबाज, भौंरी निवासी मुबारिक, अलीम व फाजिल, हरियाणा के मूडोता निवासी तनवीर और झंडीपुर निवासी अरबाज के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके साथ ही म्यूल अकाउंट धारक कठौल निवासी मोईन को भी हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन और सात सिम कार्ड जब्त किए हैं। जांच में सामने आया है कि ये ठग साइबर ठगी से अर्जित रकम को 30 प्रतिशत कमीशन पर म्यूल अकाउंट धारक मोईन के बैंक खाते में जमा कराते थे। मोईन के बैंक खाते के स्टेटमेंट में 2,00,000 रुपए क्रेडिट होने का रिकॉर्ड मिला है। आरोपी आपस में मिलकर फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल कर मोबाइल फोन में फर्जी जी-मेल, फेसबुक और वॉट्सऐप अकाउंट बनाते थे। वे लोगों को सेक्सटॉर्शन के नाम पर, पुराने नोट व सिक्के महंगे दामों में खरीदने का झांसा देकर और हथियारों को ऑनलाइन बेचने व होम डिलीवरी करने का प्रलोभन देकर ठगी करते थे।