राजपुर| कस्बे के समीप तेलनी गांव से हाड़ौता गांव की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर स्थित नाले की पुलिया लंबे समय से क्षतिग्रस्त हो रही है। इस कारण ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार हर साल बारिश में पुलिया पर बड़ा गड्ढा हो जाता है। फिलहाल लोग पुलिया की एक साइड से तो निकल जाते हैं, लेकिन भारी वाहनों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही मुश्किल हो जाती है। जिम्मेदार अधिकारी पुलिया की मरम्मत को लेकर गंभीर नहीं हैं। क्षेत्र के भगवान सिंह मेहता, गजानंद मेहता और कन्हैयालाल सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि क्षतिग्रस्त पुलिया के कारण हादसा होने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है।