भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज मेहता ने कोटा की दरा घाटी में लगातार लग रहे लंबे जाम को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि हालात इतने खराब हैं कि एंबुलेंस तक ट्रैफिक में फंस रही हैं। उन्होंने व्यवस्था सुधार के लिए पुलिस स्टाफ बढ़ाने की मांग की है। वहीं, इससे पहले मंत्री दिलावर भी ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर नाराजगी जता चुके हैं, जिसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। दरअसल, कोटा के पास स्थित दरा घाटी में इन दिनों रोजाना ट्रैफिक जाम से आमजन परेशान हैं। यह घाटी, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता और घुमावदार सड़कों के लिए जानी जाती है, अब जाम की समस्या से जूझ रही है। प्रशासन से की मामले को गंभीरता से लेने की अपील भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज मेहता ने अपील करते हुए कहा कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लें और यहां पर माकूल ट्रैफिक व्यवस्था की जाए। पुलिस का स्टाफ बढ़ाया जाए, ताकि आराम से लोगों को निकाला जा सके, प्रशासन की लापरवाही के कारण ही आए दिन जाम लग रहा है। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से किया आग्रह मेहता ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से इस मामले में आग्रह किया है कि आमजन की समस्या का समाधान किया जाए और प्रशासन को निर्देशित किया जाए कि वह जाम नहीं लगने दे, भीषण गर्मी में लोग 3 से 4 घंटे तक फंसे रहते हैं और परेशान होते हैं। वाहनों की लंबी कतारें लग जाती है। बसों में छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग आदमी भी सफर कर रहे हैं। ऐसे में यहां पर अतिरिक्त जवान तैनात कर जाम के हालातो में सुधार किया जाना चाहिए। एक दिन पहले ही मंत्री ने निकाली थी एंबुलेंस एक दिन पहले ही शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर अपने विधानसभा क्षेत्र रामगंज मंडी कोटा का दौरा कर वापस कोटा शहर के लिए लौट रहे थे। तभी दरा घाटी में कमल पुरा गांव से लेकर दरा स्टेशन तक जाम लगा होने और वाहनों की कतारें फंसी होने की जानकारी मिली। इसी बीच एक एंबुलेंस गंभीर रोगी को लेकर पीछे से आ गई और जाम में फंस गई। मंत्री के साथ चल रही पुलिस एस्कॉर्ट और सुरक्षा जाब्ते को शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने निर्देश दिए कि तत्काल व्यवस्था करो और इस एंबुलेंस के लिए रास्ता क्लियर कराओ। इसके बाद मंत्री के साथ चल रहा पुलिस जाप्ता और एस्कॉर्ट के जवान सक्रिय हुए और पुलिस जवानों ने मोर्चा संभाल कर एंबुलेंस को आगे लिया और मंत्री के काफिले में शामिल कर एंबुलेंस को जाम से निकालते हुए दरा घाटी पार कराई थी।