दौसा कोतवाली थाने में पुलिस और वकील के बीच हुए विवाद ASI पर कार्रवाई की सहमति के बाद खत्म हो गया। जिला न्यायालय परिसर में न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में करीब एक घंटे चली समझौता वार्ता के बाद दोनों पक्षों में बातचीत हुई। समझौते के तहत एएसआई को लाइन हाजिर करने और उसके खिलाफ चार्जशीट देने पर निर्णय लिया गया, जिसके बाद वकीलों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। जिला जज की मौजूदगी में हुई अहम बैठक मामले को सुलझाने के लिए जिला न्यायालय परिसर में जिला जज केशव कौशिक की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान कलेक्टर देवेंद्र कुमार, एसपी सागर राणा और बार अध्यक्ष कुंजबिहारी शर्मा सहित कई वरिष्ठ वकील मौजूद रहे। बैठक में विवाद की शुरुआत से लेकर एसपी ऑफिस तक पहुंचे पूरे घटनाक्रम पर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों पक्षों ने अधिकारियों के सामने अपनी-अपनी बात रखी, जिसके बाद समाधान का रास्ता निकला। मांगों पर सहमति के बाद वकीलों ने शुरू किया काम बार अध्यक्ष कुंजबिहारी शर्मा ने बताया - वकीलों की प्रमुख मांगों पर सहमति बन गई है। इसके बाद बुधवार सुबह जिला न्यायालय परिसर में वकील सामान्य रूप से न्यायिक कार्य करते नजर आए। इससे पहले वकीलों ने कार्य बहिष्कार का ऐलान कर दिया था, जिससे न्यायिक कामकाज प्रभावित हो रहा था। वायरल वीडियो से बढ़ा था विवाद गौरतलब है कि रविवार को कोतवाली थाने में एएसआई बाबूलाल और वकील रिद्धीचंद शर्मा के बीच कहासुनी का एक वीडियो सामने आया था। वीडियो के सामने आने के बाद वकीलों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने एएसआई के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जिला जज को ज्ञापन सौंपा था। प्लॉट विवाद से शुरू हुआ था मामला दरअसल, एक प्लॉट विवाद के मामले में कोतवाली थाना इंचार्ज के निर्देश पर एएसआई ने सरकारी शिक्षक सुनील शर्मा को थाने बुलाया था। सुनील शर्मा के फोन पर वकील रिद्धीचंद शर्मा जमानत की प्रक्रिया के लिए थाने पहुंचे। इसी दौरान उन्होंने अपने मुवक्किल को थाने लाने के कारण की जानकारी मांगी, जिस पर एएसआई से उनकी कहासुनी हो गई। यही विवाद बाद में तूल पकड़ता चला गया। पहले सस्पेंशन की थी मांग वकीलों ने इस मामले में एएसआई को सस्पेंड करने की मांग उठाई थी और विरोध स्वरूप कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया था। हालांकि, अब प्रशासन और न्यायिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद समझौता हो गया है और मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकल आया है। --- संबंधित ये खबर भी पढ़ें … ASI बोले-डराने की जरूरत नहीं, वर्दी ऐसे ही नहीं मिली:गलत जगह पंगा ले रहे हो; वकीलों ने कार्य बहिष्कार की घोषणा की, सस्पेंड करने की मांग थाना परिसर में ASI और वकील एक सरकारी टीचर की जमानत को लेकर आपस में उलझ गए। दोनों के बीच जमीनी विवाद में थाने लाए टीचर को लेकर जमकर बहस हुई। पूरी खबर पढ़िए