जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। गुरुवार को दौसा कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. सौम्या झा ने नागरिकों से स्वगणना में भाग लेने की अपील की है। कलेक्टर ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रोग्राम है। 8वीं बार आयोजित हो रही इस जनगणना के आधार पर जिले के विकास की योजनाएं, आधारभूत संरचनाएं और विभिन्न कल्याणकारी नीतियां तैयार की जाती हैं। ऐसे में हर नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है। ऑनलाइन खुद भर सकेंगे अपनी जानकारी कलेक्टर ने बताया कि जनगणना का पहला चरण 1 मई से 15 मई, 2026 तक चलेगा। नागरिक ऑनलाइन खुद अपनी और परिवार की जानकारी पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं। पोर्टल self-enumeration.census.gov.in पर जाकर अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से ओटीपी प्राप्त कर लॉगिन कर सकते हैं। इसके साथ ही एचएलओ एप पर भी स्वगणना कर सकते हैं। स्वगणना पूरी करने पर प्रत्येक परिवार को 11 अंकों की SE आईडी प्राप्त होगी, जिसे बाद में घर-घर आने वाले प्रगणक को बताना होगा। जिलेभर में 3157 प्रगणक लगाए कलेक्टर ने बताया- जनगणना के लिए जिलेभर में 3157 प्रगणक (जनसंख्या अधिकारी) लगाए गए हैं। जिले में करीब सवा 5 लाख परिवार हैं। ऐसे में एक प्रगणक को 30 दिन में 150 से ज्यादा घरों में वेरिफिकेशन के लिए पहुंचना होगा। कलेक्टर ने अपील करते हुए कहा कि सभी लोग स्वगणना करें और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि लोगों द्वारा दी गई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी।