दौसा जिला परिषद के 37 वार्डों में सदस्य पद के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है। जिसके तीसरे दिन गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में भीड़ रही। जिलेभर से उम्मीदवार नामांकन दाखिल करने पहुंचे। कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों के साथ निर्दलीय उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। कलेक्ट्रेट में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द शर्मा के पास उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन के लिए प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की आवाजाही के चलते परिसर में हलचल बनी रही। भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से पुलिस के इंतेजाम रहे। वहीं, नामांकन से संबंधित जानकारी और प्रक्रिया में सहायता के लिए बनाई गई हेल्प डेस्क उम्मीदवारों के लिए उपयोगी रही। आखिरी दिन से पहले नामांकन में तेजी जिला परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन दाखिल करने का शुक्रवार को अंतिम दिन है। ऐसे में संभावित प्रत्याशी नामांकन प्रक्रिया पूरी करने में जुटे हैं। कई उम्मीदवारों ने आखिरी दिन की भीड़ और संभावित परेशानियों से बचने के लिए गुरुवार को ही नामांकन दाखिल कर दिए। अंतिम दिन नामांकन के लिए उम्मीदवारों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। कांग्रेस-भाजपा की अधिकृत सूची का इंतजार जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस और भाजपा की ओर से अब तक अधिकृत प्रत्याशियों की सूची पब्लिक नहीं की गई है। हालांकि, राजनीतिक गलियारों में प्रत्याशियों के नामों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सूत्रों के अनुसार, दोनों दलों ने कई वार्डों में प्रत्याशियों के नाम फाइनल कर लिए हैं और संबंधित नेताओं को फोन के माध्यम से सूचना भी दी जा रही है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस की ओर से गुरुवार को अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जारी की जा सकती है। भाजपा की सूची को लेकर भी दावेदारों की निगाहें पार्टी नेतृत्व पर टिकी हुई हैं। अधिकृत सूची जारी होने के बाद चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है। जिला निर्वाचन अधिकारी कर रहीं मॉनिटरिंग नामांकन प्रक्रिया को व्यवस्थित और सुचारू रूप से पूरा कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौम्या झा लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं। प्रशासन की ओर से नामांकन केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि उम्मीदवारों को प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी नहीं हो और निर्वाचन संबंधी कार्य निर्धारित नियमों के अनुसार पूरा हो सके।