दौसा जिला स्थापना दिवस समारोह का आयोजन 10 अप्रैल को किया जाएगा। जिला मुख्यालय पर खेल प्रतियोगिताओं, मेले एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। जिला परिषद के सीईओ बिरदी चंद गंगवाल ने जिला स्थापना दिवस कार्यक्रमों के तहत 9 अप्रैल को शाम 4:30 बजे भवानी क्लब मैदान में फुटबॉल मैच का आयोजन किया जाएगा। वहीं 10 अप्रैल को प्रातः 8 बजे जिला परिषद, जिला कलक्ट्रेट, नेहरू गार्डन, टाउन हॉल एवं आरके जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके बाद सुबह 11 बजे लालसोट रोड स्थित नेहरू गार्डन में मेले का उद्घाटन किया जाएगा तथा रस्साकस्सी एवं चम्मच दौड़ जैसी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। स्थापना दिवस का मुख्य आकर्षण 10 अप्रैल को शाम 7 बजे कैप्टन छुट्टनलाल मीणा टाउन हॉल में आयोजित होने वाला भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम रहेगा। बैठक में एसडीएम संजू मीणा, नगर परिषद आयुक्त कमलेश कुमार मीणा एवं डिप्टी एसपी धर्मेंद्र शर्मा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।