मौसम विभाग ने दौसा जिले में तेज अधंड के साथ बिजली की गर्जना और बारिश का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार जिले में शाम को धूल भरी आंधी, तेज हवा और हल्की बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना जताई है। ऐसे में दोपहर बाद अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिला है। आसमान में बादल छा गए हैं, साथ में अधंड की आशंका बनी हुई है। यहां मौसम पूरी तरह साफ होने से गर्मी का असर बढ़ गया है। प्रचंड धूप के चलते दोपहर होने से पहले ही गर्मी तेज होती जा रही है। चिलचिलाती धूप से बचने के लिए लोग छांव का सहारा ले रहे हैं तो वहीं दोपहर को सड़कों पर सन्नाटा देखा जा रहा है। जबकि जिले के अधिकांश बाजार भी दोपहर में सूने रहे। इससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी मौसम साफ होने से तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री रहा, साथ में उमस भरी गर्मी से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बीती रात को हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया था। जबकि सोमवार और मंगलवार को तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। वहीं चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी से बचाव की सलाह देते हुए जिला अस्पताल के प्रमुख विशेषज्ञ मेडिसिन डॉ. आरडी मीणा ने बताया कि हाइड्रेटेड रहने के लिए पानी, नींबू पानी, नारियल पानी पिएं। ढीले सूती कपड़े पहनें और धूप में निकलते समय सनस्क्रीन, छाता व चश्मा जरूर उपयोग करें। आवश्यक नहीं होने पर दोपहर को बाहर जाने से बचें और शरीर को ठंडा रखने के उपाय करें।