दौसा के लालसोट में नई बिजली लाइन बिछाने के दौरान करंट लगने से निजी कंपनी के कर्मचारी की मौत हो गई। छोटे भाई की मौत की खबर सुनने के बाद बड़े भाई को भी हार्ट अटैक आ गया और उनकी भी जान चली गई। दोनों भाइयों की एक साथ अर्थियां उठीं और अंतिम संस्कार किया। झांपदा थाने के एएसआई जगदीश प्रसाद ने बताया- संवासा जीएसएस से 11 केवी की नई लाइन डाली जा रही थी। अलवर के कठूमर के तसई गांव के गौरवाली मोहल्ला निवासी कंपनी का कर्मचारी जितेंद्र चौहान उर्फ जीतू (28) नई लाइन पर तार डाल रहा था। इसी दौरान नई लाइन ऊपर से गुजर रही पुरानी बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। पुरानी लाइन में सप्लाई चालू थी, जिसके कारण नई लाइन में भी करंट दौड़ गया, उसकी चपेट में आने से जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जितेंद्र के शव को लालसोट जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में पहुंचाया, जहां मेडिकल टीम ने परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम कर शव सौंप दिया। बड़े भाई को भी हार्ट अटैक आया जितेंद्र की मौत की सूचना जैसे ही घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। छोटे भाई की मौत का समाचार सुनते ही बड़े भाई प्रकाश चौहान (32) को गहरा सदमा लगा और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। घरवाले प्रकाश को लेकर कठूमर सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने कहा कि प्रकाश पिछले कुछ समय से बीमार भी चल रहे थे, लेकिन वह छोटे भाई का सदमा सह नहीं पाया। 6 भाइयों में से दो की ही हुई थी शादी जितेंद्र के दो छोटे बच्चे हैं, जबकि प्रकाश की शादी नहीं हुई थी। दोनों छह भाइयों के संयुक्त परिवार में रहते थे। पिता अतरसिंह गांव में घर के बाहर किराना की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। छह भाइयों में केवल दो की ही शादी हुई थी। युवक का साथी बोला- शटडाउन लिया था जितेंद्र के साथ काम कर रहे साथी मुकेश सिंह ने बताया कि नई लाइन डालने का काम किया जा रहा था। काम के दौरान शटडाउन भी लिया हुआ था। इसी दौरान जितेंद्र को अचानक करंट लग गया और वह नीचे गिर गया। मुकेश ने बताया- बारिश के मौसम में नमी के कारण करंट वापस आने या पास से गुजर रही 11 हजार केवी लाइन के तार के टच होने से करंट लगने की संभावना हो सकती है। ….. ये खबर भी पढ़ें… भाई की मौत का सदमा नहीं सह सकी बहन: खबर मिलते ही तबीयत बिगड़ी, एक घंटे बाद दम तोड़ा सवाई माधोपुर में 87 साल के भाई की मौत की खबर सुनते ही सदमे में 83 साल की बहन ने भी दम तोड़ दिया। भाई के निधन की सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद बहन की मौत हुई। मामला खंडार के कटार और सोनकच्छ गांव का है। पूरी खबर पढ़ें…