दौसा के मानपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटनाक्रम बीती रात कुंडेरा डूंगर रोड पर हुआ। पुलिस में शव को सिकराय उपजिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। युवक की मौत के मामले में मंगलवार को परिजन और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने हादसे को हत्या बताते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल के सामने सड़क जाम कर धरना दिया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया। हालांकि पुलिस ने समझाइश के बाद रास्ता खुलवाया। ऑटो ड्राइवर पर लगाया आरोप जानकारी के अनुसार देर रात सिकराय से अपने गांव जा रहे बाइक सवार अशोक महावर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया। मंगलवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए परिजनों को अस्पताल में बुलाया, जहां मृतक के परिजनों ने एक ऑटो ड्राइवर पर टक्कर मारने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी होने तक शव नहीं लेंगे और पोस्टमार्टम भी नहीं करवाया जाएगा। सड़क जाम कर बैठे घटना से नाराज ग्रामीण और परिजन बड़ी संख्या में अस्पताल के बाहर एकत्र हो गए। महिला-पुरुष सड़क जाम कर धरने बैठ गए और ड्राइवर की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। प्रदर्शन के चलते कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों व परिजनों से समझाइश के बाद जाम खुलवाया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।