दौसा जिला मुख्यालय पर मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जा रही है। जिले में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4,185 अभ्यर्थियों का पंजीकरण है। परीक्षा एक ही पारी में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी, जबकि सुबह 11 बजे से ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई। निर्धारित समय के अनुसार दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। त्रि-स्तरीय सघन जांच के बाद प्रवेश, मेटल के बटन तक कटवाए पीजी कॉलेज सहित सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को त्रि-स्तरीय सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। हर परीक्षार्थी की बायोमैट्रिक सत्यापन के साथ मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही है। कई अभ्यर्थियों के कपड़ों में लगे मेटल के बटन तक कटवाए गए, ताकि किसी भी तरह की अनियमितता रोकी जा सके। प्रशासन अलर्ट: 4 एसडीओ और 8 तहसीलदार तैनात परीक्षा के शांतिपूर्ण और निष्पक्ष आयोजन के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिले में 4 एसडीओ और 8 तहसीलदारों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया है। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। निर्धारित ड्रेस कोड अनिवार्य, धूप से बचाव के इंतजाम परीक्षा में शामिल होने के लिए निर्धारित ड्रेस कोड का पालन अनिवार्य किया गया है। छात्रों के लिए बिना मेटल बटन वाले पेंट या ट्राउजर, जबकि छात्राओं के लिए सलवार-कुर्ता, लेगिंग, पेंट या ट्राउजर, टी-शर्ट या कुर्ती पहनना अनिवार्य है। वहीं, तेज धूप को देखते हुए परीक्षा केंद्रों के बाहर टेंट लगाकर पानी की व्यवस्था भी की गई है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।