पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण के मतदान को लेकर मंगलवार को दौसा के पीजी कॉलेज में अंतिम प्रशिक्षण के बाद पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। सुबह 8 बजे सबसे पहले मनोहरपुर-खेड़ला पंचायत समिति क्षेत्र की पोलिंग पार्टियों को ट्रेनिंग के बाद रवाना किया गया। जिले में दूसरे चरण में बांदीकुई, बसवा, बैजूपाड़ा, महवा, मंडावर और मनोहरपुर-खेड़ला पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए वोटिंग होगी। इन क्षेत्रों में पंचायत समिति के 98 सदस्यों और जिला परिषद के 13 सदस्यों के चुनाव के लिए 419 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों पर कुल 3 लाख 73 हजार 482 वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। बांदीकुई में सबसे ज्यादा पोलिंग बूथ छह पंचायत समिति क्षेत्रों में वोटिंग के लिए बांदीकुई में 124, महवा में 73, मनोहरपुर-खेड़ला में 70, बसवा में 55, बैजूपाड़ा में 54 और मंडावर में 43 बूथ बनाए गए हैं। इन सभी क्षेत्रों में निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया शुरू कराने के लिए मतदान दलों को निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील केंद्रों पर रहेगी विशेष निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौम्या झा ने बताया कि दूसरे चरण के मतदान के लिए मतदान कर्मियों को अंतिम प्रशिक्षण देने के बाद रवाना किया गया है। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी निभाने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। 30 अक्टूबर को 141 ग्राम पंचायतों में मतदान वहीं दूसरे चरण में शामिल इन्हीं छह पंचायत समिति क्षेत्रों में 30 अक्टूबर को पंच व सरपंच पद के लिए भी मतदान होगा। जिले की कुल 141 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। ऐसे में पंचायत चुनाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। दो प्रधानाचार्य एवं एक अध्यापक निलंबित पंचायत चुनाव के कार्य में लापरवाही बरतने पर दो प्रधानाचार्यों एवं एक अध्यापक को निलंबित किया गया है। जिला परिषद के सीईओ बिरदी चंद गंगवाल ने बताया कि स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल महवा के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार मीणा तथा राउमावि डिवाचली कलां के प्रधानाचार्य मनोहर लाल मीणा को ट्रेनिंग में अनुपस्थित रहने, नोटिस का जवाब नहीं देने तथा संपर्क करने पर मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिलने के कारण निलंबित किया गया है। इसी प्रकार राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय खेमावास (लालसोट) के अध्यापक मीठालाल मीणा को ट्रेनिंग में अनुपस्थित रहने तथा नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं देने के कारण निलंबित किया गया है।