दौसा के बांदीकुई थाना पुलिस ने 13 जुलाई को दो शातिर बदमाशों को पड़का है। बदमाश कई महीनों से दौसा, डीग और भरतपुर जिलों में महिलाओं से आभूषण लूट और स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों के कब्जे से हथियार और वारदात में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गई है। एसपी पीयूष दीक्षित ने इन वारदातों के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने तीनों जिलों में 61 से ज्यादा लूट और चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। हथियार के नोक पर करते थे लूटपाट एसपी पीयूष दीक्षित ने बताया- पिछले कई महीनों से बांदीकुई, बसवा, कोलवा और बैजूपाड़ा थाना क्षेत्रों में सुनसान जगहों पर अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर हथियार की नोक पर उनके आभूषण लूटे जा रहे थे। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में दहशत थी और विभिन्न संगठनों ने भी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किए थे। एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी एवं सूचना तंत्र और पुराने क्राइम रिकॉर्ड का विश्लेषण कर संदिग्धों की पहचान की। पुलिस ने मंगलवार रात आरोपियों का पीछा करते हुए बाणगंगा नदी के पास बासड़ा गांव की सीमा में दोनों को हथियार सहित दबोच लिया। डीग-भरतपुर के दोनों आरोपी, कई मामले दर्ज एसपी में बताया- गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेश उर्फ फुद्दू (40) निवासी पाहुआ, थाना कुम्हेर डीग और आकाश (28) निवासी चितोकरी, थाना सेवर भरतपुर के रूप में हुई है। जिनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर रिमांड पर लिया है। पूछताछ के दौरान अन्य वारदातों के खुलासे और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी की संभावना जताई जा रही है। इसके लिए बांदीकुई सर्किल स्तर पर अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। एसपी का कहना है कि इस कार्रवाई में आधुनिक तकनीक के साथ-साथ खुफिया तंत्र और फील्ड वर्क की मदद से आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।