दौसा पुलिस लाइन में बुधवार को पुलिस शहीद दिवस मनाया गया। इस दौरान देश की सुरक्षा करते हुए बलिदान देने वाले 154 शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। एसपी कुंदन कांवरिया सहित पुलिस अधिकारियों, जवानों और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने शहीदों को नमन कर उनके बलिदान को याद किया। इसी के साथ ब्लड डोनेशन कैंप भी लगाया गया। समारोह में शहीद जवानों के नाम, पदनाम और राज्यों का नाम बोलकर उन्हें सम्मान दिया गया। इसके बाद सम्मान गार्ड ने शहीदों को सशस्त्र सलामी दी। शहीदों के सम्मान में तीन-तीन राउंड फायरिंग की गई और पुलिसकर्मियों ने शोक शस्त्र कर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी। पौधारोपण और ब्लड डोनेशन कैंप लगाया शहीदों की स्मृति में पुलिस लाइन में पौधारोपण और ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन भी किया गया। इसमें एएसपी शंकर लाल मीणा, एएसपी लालसोट विनोद कुमार सीपा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों, डिप्टी एसपी, जवानों और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। शिविर में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर सामाजिक सरोकार का संदेश दिया। 21 अक्टूबर 1959 को भारत-चीन सीमा पर लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में सीआरपीएफ के 10 जवान शहीद हो गए थे। उन्हीं की स्मृति और देशभर में कर्तव्य के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के सम्मान में हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस शहीद दिवस मनाया जाता है।