दौसा जिले में भीषण गर्मी एवं हीट वेव की स्थिति को देखते हुए सरकारी एवं प्राइवेट स्कूलों में अध्ययनरत पूर्व प्राथमिक, प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्तर तक के विद्यार्थियों का 24 अप्रैल से 2 मई तक स्कूल समय सुबह 7.30 बजे से 12 बजे तक किया गया है। जबकि कक्षा 9 से 12 तक का समय यथावत रहेगा। इस सम्बन्ध में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी किए है। इसी प्रकार महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक ने आदेश जारी कर आंगनबाडी केन्द्रों पर आने वाले शाला पूर्व शिक्षा के 3 से 6 आयु वर्ग के बच्चों को हीट वेव से सुरक्षा के लिए केन्द्रों का संचालन समय 24 अप्रैल से 2 मई तक सुबह 07 बजे से 11 बजे तक किया है। 24 अप्रैल को ब्लैकआउट मॉक ड्रिल जिले में हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी के तहत 24 अप्रैल को शाम में पं. नवल किशोर शर्मा राजकीय पीजी कॉलेज ग्राउंड पर ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित होगी। एडीएम अरविंद शर्मा ने बैठक लेकर सभी विभागों को समन्वय के साथ तैयारी के निर्देश दिए हैं। ड्रिल के दौरान निर्धारित क्षेत्र में बिजली सप्लाई बंद रहेगी, यातायात व आपात सेवाएं अलर्ट मोड पर रहेंगी। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि सायरन बजते ही घबराएं नहीं, घरों में रहें और सभी लाइट बंद कर सहयोग करें। ग्राम रथ अभियान के लिए 25 अप्रैल तक आवेदन जिले में ‘ग्राम रथ अभियान’ के तहत लोक कलाकारों से 25 अप्रैल शाम 6 बजे तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह अभियान किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से चलाया जाएगा। जिला परिषद CEO बिरदी चंद गंगवाल के अनुसार, चयन जिला स्तर पर होगा और प्रत्येक टीम में 4 कलाकार (1 लीडर + 3 सदस्य) शामिल होंगे। चयनित कलाकारों को मानदेय व यात्रा भत्ता पर्यटन विभाग के नियमानुसार दिया जाएगा। उचित मूल्य दुकानों के इंटरव्यू 27–29 अप्रैल जिले में उचित मूल्य दुकानों (FPS) के लिए साक्षात्कार 27 से 29 अप्रैल तक आयोजित होंगे। 27 अप्रैल को बाँदीकुई, बसवा, बैजूपाड़ा व मण्डावर क्षेत्र; 28 अप्रैल को रामगढ़ पचवारा व लालसोट; जबकि 29 अप्रैल को बहरावण्डा व सिकराय क्षेत्र के अभ्यर्थियों के इंटरव्यू होंगे। साक्षात्कार जिला रसद कार्यालय, कलेक्ट्रेट (कक्ष 216) में होंगे। अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ उपस्थित रहें। कलेक्टर का नांगल राजावतान दौरा कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने नांगल राजावतान क्षेत्र का दौरा कर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। आलूदा आईटी केंद्र व ग्राम पंचायत अभिलेखों का निरीक्षण कर रिकॉर्ड अपडेट रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान के निर्देश दिए। साथ ही गौशाला में गोबर गैस संयंत्र का अवलोकन कर इसे पूरी क्षमता से चलाने को कहा। बाद में उपखंड कार्यालय में बैठक लेकर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा, रैंकिंग सुधार पर जोर कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक लेकर विभागवार प्रगति का आकलन किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन तय लक्ष्यों के अनुसार समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि कमजोर प्रगति वाले बिंदुओं पर विशेष ध्यान देकर सुधार लाया जाए और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। साथ ही जिले की बेहतर रैंकिंग बनाए रखने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।