दौसा जिले में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया। सोमवार को सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई और कई इलाकों में हवाओं का दौर भी देखने को मिला। तेज धूप से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा है। मौसम में आए बदलाव के चलते जिले में अंधड़ की संभावना भी बनी हुई है। पिछले दिनों बारिश और तेज अंधड़ के बाद मौसम सुहावना हुआ था, वहीं करीब दो दिन बाद फिर से मौसम ने करवट ली है। यहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर बादलों की आवाजाही और हवाएं चलने से रात के तापमान में हल्की गिरावट महसूस की गई, लेकिन उमस के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार यदि बारिश होती है तो लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है। बदलते मौसम के साथ लोग अब बारिश का इंतजार कर रहे हैं, जिससे लगातार बढ़ रही गर्मी से राहत मिल सके।