बाड़मेर में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा हैं। पिछले कुछ दिनों से मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव हो रहा है। हालांकि तापमान में आंशिक उतार-चढ़ाव का दौर जारी है, लेकिन गर्मी की तीव्रता कम नहीं हो रही है। रविवार को बाड़मेर का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री के पास रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, इससे यह 25.4 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 4 दिनों तक जिले में गर्मी का असर ऐसा ही बना रहेगा। इस दौरान दिन का तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। आसमान साफ रहने और लू का असर भी तेज हो गया है। रविवार को सुबह 10 बजे के बाद से ही धूप की तीव्रता बढ़नी शुरू हो गई। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच सड़कों पर आवाजाही कम हो गई। मुख्य बाजार में भी सन्नाटा पसरा नजर आया। लोग केवल जरुरी काम के लिए ही घरों से बाहर निकले। सड़कों पर निकलने वाले लोग रुमाल या तौलिया बांधकर और चेहरे को ढककर चलते नजर आए। गर्मी के मौसम में शरीर का तापमान अनियंत्रित होने से लू लग सकती है। इसके प्रमुख लक्षणों में शरीर का तापमान सामान्य से अधिक बढ़ जाना, अत्यधिक प्यास लगना और बार-बार गला सूखना, चक्कर आना, सिर में तेज दर्द होना और घबराहट महसूस होना, मांसपेशियों में कमजोरी, उल्टी होना या जी मिचलाना व गंभीर स्थिति में बेहोशी आना या सांस लेने में तकलीफ होना है। बढ़ते तापमान और लू के खतरे को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विष्णुराम विश्नोई ने जिले में हीटवेव अलर्ट जारी किया है। डॉ. विश्नोई ने विशेष रूप से सलाह दी है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच, जब सूरज की किरणें सबसे सीधी और तेज होती है, तब अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।