डीग शहर की नई सड़क स्थित लाला मनोहर लाल खंडेलवाल स्कूल में बुधवार को 12वीं क्लास की चार छात्राएं टेस्ट देते समय गर्मी के कारण बेहोश हो गईं। उन्हें तत्काल डीग जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। बेहोश होने वाली छात्राओं में तनु पुत्री रोहतास, राधिका पुत्री हरेंद्र, अक्षरा पुत्री कोमल और अर्पिता पुत्री कुंवर सिंह शामिल है। परीक्षा देते समय अचानक उन्हें चक्कर आने लगे और वे वहीं बेहोश हो गईं। प्रिंसिपल सुमित्रा धंघेल ने सभी छात्राओं को डीग जिला अस्पताल पहुंचाया और उनके परिजनों को सूचित किया। सूचना मिलने पर डीईओ मनोज खुराना और हरवीर सिंह चाहर ने अस्पताल पहुंचकर छात्राओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली। सीएमएचओ विजय सिंघल और पीएमओ डॉ. जितेंद्र सिंह फौजदार ने भी छात्राओं का हालचाल जाना। डॉ. फौजदार ने बताया कि बच्चियों की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है और बातचीत करने पर वे डरी हुई प्रतीत होती हैं, लेकिन उनकी बेहोशी का मुख्य कारण गर्मी ही है। सभी छात्राओं का डीग जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। स्कूल में 13 से 15 मई तक प्रथम टेस्ट चल रहे हैं।