राज्य सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता के तहत डीग के बृज नगर क्षेत्र में एक जनता क्लीनिक का उद्घाटन किया गया है। बृज नगर के खेड़ली मार्ग स्थित कुरैशी मोहल्ला में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने इस जनता क्लीनिक का उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया, जिन्होंने मंत्री बेढम का फूल-मालाओं और पारंपरिक साफा पहनाकर स्वागत किया। उद्घाटन के पश्चात मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने क्लीनिक के विभिन्न कक्षों का दौरा किया और उपलब्ध सुविधाओं तथा चिकित्सा उपकरणों का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने बताया कि बृज क्षेत्र में लगभग चार जनता क्लीनिक खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि इन क्लीनिकों से उन बुजुर्गों और छोटे बच्चों को विशेष लाभ मिलेगा, जिन्हें इलाज के लिए दूर के अस्पतालों तक जाने में कठिनाई होती थी। अब उन्हें अपने मोहल्ले में ही उपचार मिल सकेगा। मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार का लक्ष्य जनता की सेवा और उनके हितों की रक्षा करना है। मंत्री बेढम ने यह भी जानकारी दी कि जनता क्लीनिक के अतिरिक्त बृज नगर में एक उप जिला अस्पताल का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि इस अस्पताल के पूर्ण होने पर क्षेत्रवासियों को बड़े उपचार के लिए अन्य शहरों में नहीं जाना पड़ेगा, क्योंकि यहाँ सभी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।