राज्य सरकार की महत्वपूर्ण बजट घोषणाओं के त्वरित क्रियान्वयन के क्रम में, डीग कलेक्टर मयंक मनीष ने गुरुवार को कुम्हेर पंचायत समिति के अंतर्गत स्थित पला हवाई पट्टी का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वर्तमान हवाई पट्टी की भूमि का मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन किया और संबंधित नक्शों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान, जिला कलेक्टर ने वित्तीय वर्ष 2025-2026 की बजट घोषणा के तहत हवाई पट्टी के विकास के लिए प्रस्तावित 73 हेक्टेयर भूमि पर अधिकारियों से विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने परियोजना के बजट अनुमानों और अन्य तकनीकी व प्रशासनिक पहलुओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि बजट वर्ष 2026-2027 में क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने की घोषणा की गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए जिला कलेक्टर ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को पला हवाई पट्टी के आसपास 400 से 500 हेक्टेयर उपयुक्त भूमि का त्वरित चिन्हीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आस-पास के गांवों का सघन मौका-मुआयना कर भूमि अधिग्रहण के संबंध में एक विस्तृत और तथ्यात्मक रिपोर्ट अविलंब प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए। विमानन सुरक्षा और तकनीकी मानकों को प्राथमिकता देते हुए, कलेक्टर ने निर्देशित किया कि नवीन एयरपोर्ट के लिए भूमि का चयन करते समय हाई-टेंशन विद्युत लाइनों, पहाड़ियों और अन्य किसी भी प्रकार की भौगोलिक बाधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि भविष्य में विमानों के आवागमन में कोई तकनीकी अड़चन उत्पन्न न हो। इसके अतिरिक्त, उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए सभी आवश्यक विमानन मापदंडों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही एक प्रामाणिक एवं विस्तृत मानचित्र तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान कुम्हेर उपखंड अधिकारी श्रेष्ठा श्री, तहसीलदार भरतलाल बंसल, अधीक्षण अभियंता पवन सोलंकी सहित राजस्व और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।