डीग में साइबर ठगी के खेल में फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल कर लोगों को जाल में फंसाने वाले गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी फर्जी सिम के जरिए ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह को मदद पहुंचा रहे थे। कार्रवाई में 4 आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ 3 नाबालिगों को भी पकड़ा है। एसपी कांबले एस. गोपीनाथ के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन काउंटरडाउन के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि मालीपुरा रोड पर मोरकुटी के पीछे बांध के पास कुछ लोग फर्जी सिम कार्ड बेच रहे हैं। इस पर कोतवाली और डीएसटी की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा। 3 नाबालिग भी किए डिटेन गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यतेन्द्र पाल सिंह उर्फ ईशू (24), सुखवेन्द्र उर्फ सूरज (25), जहीर खान (24) और गौरव (19) के रूप में हुई है। इनके साथ तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 34 फर्जी सिम कार्ड, 8 मोबाइल फोन, 1 एटीएम कार्ड और 1 कार बरामद की है।