डीग जिले के कस्बा जनूथर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों ने तहसीलदार रामस्वरूप मीणा को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन पिछले एक सप्ताह से हो रही बे-मौसम बारिश, ओलावृष्टि और तेज अंधड़ के कारण रबी की फसलों को हुए नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर दिया गया है। किसानों ने ज्ञापन में बताया कि मार्च के अंतिम सप्ताह और अप्रैल के शुरुआती दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण क्षेत्र में लगातार कई दिनों तक बे-मौसम बारिश का दौर चला। इस बारिश से गेहूं, जौ, चना और सरसों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। लगातार हुई बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया, जिससे गेहूं, जौ और चने की फसलें गल गईं। दाने की चमक फीकी पड़ गई और उसकी गुणवत्ता पर भी असर पड़ा। कुछ किसानों के भूसे में दुर्गंध आने लगी, जिससे वह पशुओं के खाने लायक नहीं रहा। अधिकांश किसानों की गेहूं, जौ और चने की फसलें खेतों में कटी पड़ी थीं, जिन्हें बे-मौसम बारिश से काफी नुकसान पहुंचा। किसानों ने सरकार से आग्रह किया है कि क्षेत्र में तुरंत गिरदावरी (फसल क्षति का आकलन) कराई जाए और जल्द से जल्द फसल खराबे का मुआवजा दिलाया जाए। इस दौरान खोह ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भवानी शंकर शर्मा, चंद्रपाल चौधरी, भवानी पंडित, राज दीवान, विश्वेंद्र सिंह रगन दांतलौठी, राजेंद्र कुंतल जाटौली थून, प्रेम दीवान, दिनेश वकील, सुरेंद्र सिंह, कपिल चौधरी, दिनेश मोतीराम, रमेश, रामजीलाल, पुष्पेंद्र शर्मा सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे।