डीग जिले के कामां उपखंड में राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर आमजन के लिए राहत का माध्यम बन रहे हैं। शुक्रवार को कामां पंचायत समिति की ग्राम पंचायत अकाता और गांवड़ी में लगे शिविरों में कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इन शिविरों में पात्र लाभार्थियों को जन्म प्रमाण पत्र और आवास के पट्टे जारी किए गए। इससे ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिली है। ग्राम पंचायत अकाता में आयोजित शिविर में अकाता निवासी मुस्तकीम की पुत्री जासमीन का जन्म प्रमाण पत्र मौके पर ही तैयार कर सौंपा गया। प्रमाण पत्र मिलने पर मुस्तकीम और उनके परिवार ने राज्य सरकार तथा प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इसी प्रकार, ग्राम पंचायत गांवड़ी में गांवड़ी निवासी जाकिर पुत्र मंगल खां को सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उनके आवास का पट्टा शिविर में ही प्रदान किया गया। वर्षों से लंबित मालिकाना हक का सरकारी दस्तावेज मिलने पर जाकिर और उनके परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त की। प्रशासन के अनुसार इन ग्रामीण सेवा शिविरों का मुख्य उद्देश्य अंतिम पंक्ति के नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान करना है। शिविरों में तकनीकी टीम की सहायता से दस्तावेजों और राजस्व संबंधी मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों के समय और धन दोनों की बचत हो रही है।