डीग के कामां थाना क्षेत्र के बरौली धाऊ गांव में शुक्रवार दोपहर जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान कथित तौर पर हुई फायरिंग में एक पक्ष के तीन लोग छर्रे लगने से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, गांव निवासी गिरीश पक्ष और विजेंद्र पक्ष के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। गिरीश पक्ष का आरोप है कि विजेंद्र पक्ष ने उनकी जमीन पर कब्जा कर रखा है। इसी विवाद के चलते शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। गिरीश पक्ष ने आरोप लगाया है कि विजेंद्र पक्ष के लोग उनके घर पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। इस दौरान फायरिंग भी की गई, जिसमें धनश्याम (27) पुत्र रामभरोसी, गिरीश (60) पुत्र रामस्वरूप और तीरथ (27) पुत्र गिरीश छर्रे लगने से घायल हो गए। परिजनों ने तीनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। घायल गिरीश शर्मा ने बताया कि विजेंद्र पक्ष ने उनकी जमीन पर कब्जा कर रखा है। शुक्रवार को जब वे अपने घर पर थे, तभी विजेंद्र पक्ष के लोग हथियारों के साथ पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके परिवार पर फायरिंग की, जिससे तीन लोग घायल हुए। घटना की सूचना मिलते ही कामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ के निर्देश पर कामा थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन-तीन लोगों को हिरासत में लिया है।