डीग जिले के कामा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। बोलखेड़ा गांव के पास पहाड़ी मार्ग पर एक ओवरलोड डंपर ने बच्चों से भरी स्कूल बस को पीछे से टक्कर मार दी। इस घटना में बस में सवार बच्चे सुरक्षित रहे, जिसका श्रेय बस ड्राइवर की सूझबूझ को दिया जा रहा है। बस में कामां संस्कार स्कूल के छात्र-छात्राएं सवार थे। टक्कर के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन ड्राइवर ने तुरंत बस को नियंत्रित कर सुरक्षित स्थान पर रोका और बच्चों को शांत कराया। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीण और राहगीर जमा हो गए। ओवरलोड डंपर को किया जब्त सूचना मिलने पर कामां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया और ओवरलोड डंपर को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में किसी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई है। कामा थाना पुलिस के अनुसार, स्कूल प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस डंपर ड्राइवर और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। ओवरलोड वाहनों को लेकर लोगों में आक्रोश स्थानीय ग्रामीणों ने पहाड़ी मार्ग पर ओवरलोड वाहनों की लगातार आवाजाही पर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि इससे स्कूली वाहनों और अन्य यात्रियों की सुरक्षा को खतरा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और इन मार्गों पर नियमित निगरानी बढ़ाने की मांग की है।