डीग के गोपालगढ़ थाना क्षेत्र स्थित एक मदरसे में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। टैंक के अंदर लगी सीढ़ियां फिसलने से सफाई कर रहीं छात्राएं गहरे टैंक में गिर गईं। हादसे में 17 वर्षीय एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य छात्राएं घायल हो गईं। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। कैसे हुआ हादसा? पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मदरसे में साफ-सफाई का काम चल रहा था। कुछ छात्राएं सेप्टिक टैंक के अंदर उतरकर सफाई कर रही थीं, जबकि अन्य ऊपर मौजूद थीं। इसी दौरान टैंक के अंदर लगी सीढ़ियां अचानक फिसल गईं, जिससे सभी छात्राएं गहरे टैंक में जा गिरीं। कर्मचारियों ने किया रेस्क्यू टैंक के भीतर से छात्राओं की चीख-पुकार सुनकर मदरसा कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद सभी छात्राओं को बाहर निकाला। इस हादसे में हरियाणा के साकरस गांव निवासी 17 वर्षीय रोहिन पुत्री अब्दुल वहीद की मौके पर ही मौत हो गई। घायल 13 छात्राओं को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। एफएसएल जांच, मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम साक्ष्य जुटा रही है। मृतका का सीकरी अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल भी तैनात किया गया है। डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण हादसे की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर मयंक मनीष और पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने कहा कि छात्राओं से इस तरह का जोखिम भरा काम कराना गंभीर लापरवाही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।