डीग पुलिस ने 'ऑपरेशन एंटी वायरस' अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और तीन फर्जी सिम कार्ड बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में इन मोबाइलों से करीब तीन लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी का खुलासा हुआ है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ के निर्देशन में की गई। पहाड़ी थाना पुलिस ने कठौल रोड पर एक निजी सोलर प्लांट के पास खेत में ऑनलाइन ठगी करते हुए जुनैद (25) निवासी कठौल और कय्यूम (39) निवासी घाटमीका को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से दो फर्जी एंड्रॉयड मोबाइल फोन और तीन फर्जी सिम कार्ड मिले। जांच में पता चला है कि आरोपी होटल बुकिंग के नाम पर और पुराने नोट व सिक्कों को ऊंचे दामों पर खरीदने का झांसा देकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पहाड़ी थाने में विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात का भी पता लगा रही है कि आरोपियों को फर्जी सिम कार्ड और मोबाइल फोन उपलब्ध कराने वाले गिरोह में कौन-कौन शामिल है। कार्रवाई को पहाड़ी थाना पुलिस और साइबर सेल डीग की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।