डीग जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार शाम पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ के नेतृत्व में शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। मार्च के दौरान पुलिस ने मॉडिफाइड, बिना नंबर प्लेट और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाली कई बाइकों को जब्त किया। एसपी ने नागरिकों से अतिक्रमण नहीं करने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की। कानून-व्यवस्था का संदेश शाम करीब 7 बजे कोतवाली थाना परिसर से शुरू हुआ फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस कोतवाली पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस वाहनों और पैदल मार्च के जरिए आमजन को सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का संदेश दिया गया। बाजारों में मौजूद लोगों ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत किया। अतिक्रमण और यातायात पर एसपी की अपील फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने लोगों से सड़क और बाजारों में अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण से यातायात बाधित होता है और पुलिस, एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने नागरिकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील एसपी ने लोगों से कहा कि यदि आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, असामाजिक तत्व या आपराधिक गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सकता है। इन मार्गों से गुजरा फ्लैग मार्च फ्लैग मार्च कोतवाली से शुरू होकर मुख्य बाजार, घंटाघर, पुरानी डीग, धोबी मोड़, पुराना बस स्टैंड, गणेश मंदिर और पुरानी अनाज मंडी सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। पूरे मार्ग पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से लोगों में सुरक्षा का माहौल देखने को मिला। यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई मार्च के दौरान पुलिस ने मॉडिफाइड बाइकें, बिना नंबर प्लेट वाले वाहन और बिना हेलमेट चल रहे वाहन सवारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई बाइकें जब्त कीं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।