डीग जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष 'A-श्रेणी नाकाबंदी' अभियान चलाया। गुरुवार शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक चले इस अभियान में 960 वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 433 ड्राइवरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान किए गए। एसपी कांबले शरण गोपीनाथ के निर्देशन में यह अभियान जिलेभर में चलाया गया। कुल 13 नाकाबंदी प्वाइंटों पर 572 दोपहिया और 388 चौपहिया वाहनों की जांच की गई। कार्रवाई के तहत 207 दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट नहीं पहनने पर चालान किए गए। इसके अलावा 1 के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने पर कार्रवाई हुई और 9 ड्राइवरों पर सीट बेल्ट नहीं लगाने के लिए चालान किया गया। काली फिल्म लगी गाड़ियों पर भी की कार्रवाई पुलिस ने 12 वाहनों पर गलत, अस्पष्ट या बिना नंबर प्लेट मिलने पर भी कार्रवाई की। वहीं, 13 वाहनों पर काली फिल्म लगी होने के कारण चालान किए गए। मोटर वाहन अधिनियम के तहत अन्य 194 मामलों में भी कार्रवाई की गई। एसपी कांबले ने बताया कि यह नाकाबंदी अभियान केवल यातायात नियमों के पालन तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना भी है। उन्होंने कहा कि जिले में आमजन की सुरक्षा और अपराधमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।