डीग पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन पृथ्वी' के तहत बड़ी कार्रवाई की है। सदर डीग थाना पुलिस और क्यूआरटी टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अवैध पत्थरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 16 जुलाई की शाम को हुई। गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि पान्हौरी टोल से आगे शीशवाड़ा गांव की ओर एक कच्चे रास्ते से बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध पत्थर लेकर जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। हालांकि, चालक ट्रैक्टर को खेत में ले गया और ट्रॉली खाली करने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा कर ट्रैक्टर को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान देवराज (30) और प्रेम सिंह (28) निवासी बेढ़म, थाना सदर डीग के रूप में बताई। उन्होंने स्वीकार किया कि वे अड़ावली क्षेत्र से पत्थर भरकर शीशवाड़ा गांव ले जा रहे थे। पुलिस द्वारा रॉयल्टी या रवन्ना मांगने पर वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली। दोनों आरोपियों के खिलाफ एमएमडीआर एक्ट की धारा 4/21 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. के निर्देशन में की गई।