डीग जिले में अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन पृथ्वी' के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। डीग पुलिस ने करीब 60 टन अवैध गिट्टी से भरा एक हाइवा ट्रक जब्त किया और उसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ के निर्देश पर डीएसटी टीम और कैथवाड़ा थाना पुलिस ने यह संयुक्त कार्रवाई की। अमरूका पुलिस चौकी क्षेत्र में पहाड़ी तिलकपुरी की ओर से आ रहे हाइवा (आरजे-05 जीबी-8731) को रोका गया। जांच के दौरान वाहन में लगभग 60 टन 65 एमएम गिट्टी भरी मिली। ड्राइवर से रॉयल्टी, टीपी और अन्य वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने ड्राइवर सलीम (30), निवासी लेवड़ा, थाना कामां को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ कैथवाड़ा थाने में एमएमडीआर एक्ट की धारा 4/21 और बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, अवैध खनिज परिवहन से राज्य सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा था। इस कार्रवाई में कैथवाड़ा थाना पुलिस और डीएसटी टीम के अधिकारियों व जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।