प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। राजस्थान के आठ स्टेशनों में शामिल डीग रेलवे स्टेशन का करीब 15.24 करोड़ रुपए की लागत से पुनर्विकास किया गया है। आधुनिक यात्री सुविधाओं, दिव्यांग अनुकूल व्यवस्थाओं और स्थानीय स्थापत्य की झलक से सुसज्जित यह स्टेशन अब क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और आवागमन को नई गति देने के साथ यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराएगा। लोकार्पण समारोह में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी डीग में आयोजित लोकार्पण समारोह में राजस्थान सरकार के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बैडम मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष शिवानी राहीमा, स्वतंत्रता सेनानी हुकम चंद सैनी और रामजी लाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल, अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता, रेलवे एवं जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया कर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। यात्रियों को मिली आधुनिक सुविधाओं की सौगात पुनर्विकसित डीग रेलवे स्टेशन पर नया स्टेशन भवन, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और फुट ओवरब्रिज जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके साथ ही पेयजल, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और मोबाइल चार्जिंग पॉइंट जैसी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा अनुभव मिलेगा। स्थानीय विरासत के अनुरूप हुआ सौंदर्यीकरण स्टेशन के पुनर्विकास में डीग की स्थानीय संस्कृति और स्थापत्य कला को विशेष महत्व दिया गया है। स्टेशन भवन के फसाड और सौंदर्यीकरण में क्षेत्रीय विरासत की झलक दिखाई देती है, जिससे स्टेशन को आधुनिकता के साथ स्थानीय पहचान भी मिली है। दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष व्यवस्था स्टेशन को सभी यात्रियों के लिए सुगम बनाने के उद्देश्य से रैंप, टैक्टाइल पाथ, व्हीलचेयर, दिव्यांग अनुकूल शौचालय, लो-हाइट टिकट काउंटर और सुगम प्रवेश मार्ग जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इन व्यवस्थाओं से दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा के दौरान अधिक सुविधा मिलेगी। पर्यटन, व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पुनर्विकसित डीग रेलवे स्टेशन क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन, कृषि गतिविधियों, रोजगार और क्षेत्रीय संपर्क को नई मजबूती देगा। आधुनिक स्टेशन बनने से यात्रियों की आवाजाही आसान होगी और डीग को रेल नेटवर्क के माध्यम से विकास की नई संभावनाएं मिलेंगी।