भास्कर न्यूज | असाड़ा असाड़ा क्षेत्र के पादरू फांटा से बुडीवाड़ा जाने वाला मुख्य सड़क मार्ग लंबे समय से बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह बड़े व करीब एक फीट तक गहरे गड्ढे हो गए हैं। वहीं बारिश से सड़क किनारे की मिट्टी बहने के कारण गहरे खड्डे बन गए हैं, जिससे वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है। यह मार्ग बुडीवाड़ा, जागसा, ऊचिया की ढाणी, दांखा व धनवा फांटा सहित कई गांवों को जोड़ने के साथ भारतमाला सड़क से भी जुड़ा है। इससे यहां दिनभर वाहनों की आवाजाही रहती है। सड़क सिंगल होने व गहरे गड्ढों के कारण दो वाहनों के आमने-सामने आने पर दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। ग्रामीण हस्ताराम व रणछोड़राम ने बताया कि सड़क का निर्माण कई वर्ष पहले हुआ था, लेकिन पिछले चार-पांच वर्षों से मरम्मत नहीं हुई। डामर उखड़ने व पत्थर बिखरे होने से वाहनों के टायर पंक्चर हो रहे हैं। इसी मार्ग से स्कूली विद्यार्थी भी आवागमन करते हैं। ग्रामीणों ने सड़क की शीघ्र मरम्मत और फेसवर्क कराने के साथ सरकारी बस सेवा शुरू करने की मांग की।