दिल्ली में जज अमन शर्मा ने पारिवारिक कलह पर परेशानी में आत्महत्या से एक दिन पहले पिता को बुलाया था। घर में पत्नी की ओर से पिता का अपमान करने पर उन्हें बर्दाश्त नहीं हुआ। इस पर उन्होंने बाथरूम में जाकर 1 मई की रात आत्महत्या कर ली थी। जज अमन शर्मा ने वर्ष 2021 में लव मैरिज की थी, लेकिन करीब 2 महीने से दोनों में पारिवारिक कलह बढ़ गई थी। इससे वे परेशान चल रहे थे। कलह के कारण परेशान होकर उन्होंने सुसाइड कर लिया। अलवर शहर के हसन खां मेवात नगर निवासी जज अमन शर्मा (30) दिल्ली की कोर्ट में तैनात थे। जज अमन शर्मा और सोनीपत निवासी उनकी पत्नी जज को ट्रेनिंग के दौरान एक-दूसरे से प्यार हो गया था। वर्ष 2021 में दोनों ने शादी कर ली थी। जज अमन शर्मा दिल्ली के ग्रीन पार्क इलाके में पत्नी के साथ रहते थे। उनके दो बच्चे हैं। अमन के परिजनों ने जम्मू-कश्मीर कैडर में उनकी IAS साली पर कलह बढ़ाने के आरोप लगाए हैं। वहीं अलवर में रविवार सुबह 11 बजे जज अमन कुमार शर्मा का अंतिम संस्कार किया गया। इसमें दिल्ली से 15 से 20 जज भी उनके अंतिम संस्कार में अलवर आए। पिता को फोन कर कहा था- जिंदगी से परेशान हूं चचेरे भाई ने बताया- अमन शर्मा ने 1 मई की रात 10 बजे अपने पिता एडवोकेट प्रेम कुमार शर्मा को फोन कर कहा कि जिंदगी से परेशान हो चुका हूं। आप एक बार दिल्ली आ जाओ। बेटे के फोन करते ही पिता रात 1 बजे दिल्ली पहुंच गए। अगले दिन सुबह 2 मई को बेटे से बातचीत की। तब अमन की पत्नी ने बात-बात में ससुर प्रेम कुमार से कहा कि आप यहां से चले जाओ, वरना पुलिस बुला लूंगी। खुद के सामने पिता का अपमान अमन को बर्दाश्त नहीं हुआ। उसने बाथरूम में जाकर सुसाइड कर लिया। वहीं जज अमन शर्मा की बहन के ससुर राजेश कुमार ने बताया- अमन ने पिता को फोन कर कहा था कि मुझे माफ कर दो। मेरा यह आखिरी कॉल है। घटना के बाद पिता प्रेम कुमार शर्मा ने दिल्ली पुलिस में बेटे की पत्नी की ओर से प्रताड़ित किए जाने की रिपोर्ट दी है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। पहले ही प्रयास में बने थे जज, पिता ने 9 करोड़ का दिलाया था फ्लैट जज अमन कुमार का मूल गांव तिजारा का मुंडाना गांव है। अमन ने वर्ष 2021 में से शादी की थी। इससे पहले दोनों का दिल्ली न्यायायिक सेवा में चयन हुआ था। ट्रेनिंग के समय दोनों को प्यार हुआ था। बाद में दोनों ने शादी कर ली थी। अमन शर्मा पढ़ाई में बहुत होशियार थे। पहले ही प्रयास में वे जज बन गए थे। वे सोशल मीडिया से भी दूर रहते थे। अमन का सोशल मीडिया पर कोई अकाउंट नहीं था। जानकारी के अनुसार- दिल्ली में गांव, परिवार और दोस्तों के जाने पर उनका बहुत सम्मान करते थे। जानकारी के अनुसार- पिता प्रेम कुमार शर्मा ने बेटे अमन को दिल्ली के ग्रीन पार्क एरिया में करीब डेढ़ साल पहले 9 करोड़ का फ्लैट दिलाया था। शादी के लिए आया था जज की बेटी का रिश्ता परिवार के लोगों ने बताया- जज अमन कुमार शर्मा के न्यायिक सेवा में चयन होने के बाद उनके पिता के पास बेटे का जयपुर से रिश्ता आया था। एक जज की बेटी भी जज बन गई थी। इस पर उनके पिता रिश्ता लेकर आए थे। तब अमन से पिता ने रिश्ते को लेकर बात की थी, लेकिन अमन ने कहा था कि वे अपनी मर्जी से शादी करेंगे। ट्रेनिंग में एक लड़की से उनकी मुलाकात हुई थी। दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया था। इस पर पिता प्रेम कुमार तैयार हो गए थे। परिवार में किसी ने कोई आपत्ति नहीं जताई थी। अब पत्नी के कारण अमन ने जीवन खत्म कर लिया। अमन के भाई का एक्सीडेंट हो चुका अमन के एक छोटे भाई भी हैं। उनके भाई का करीब 4 साल पहले एक्सीडेंट हो गया था। इसके बाद भाई मानसिक रूप से कमजोर हो गया था, लेकिन लगातार अच्छा इलाज मिलने से रिकवर हुई। अब परिवार में यह हादसा हो गया। परिवार के लोगों ने बताया- अमन के पिता प्रेम कुमार छोटे बेटे की शादी की तैयारी में लग रहे थे। जल्दी रिश्ता करने वाले थे।