अलवर के पिनान क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर चैनल नंबर 100 इंटरचेंज पुलिया के पास मंगलवार सुबह को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इंदौर से दिल्ली जा रही एक ट्रेवल बस आगे चल रहे केमिकल से भरे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार करीब 30 यात्री घायल हो गए। इस दर्दनाक हादसे में बस चालक, एक महिला और एक बालक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक की लहर फैल गई। हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से पिनान के आदर्श सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को उच्च केंद्र के लिए रेफर कर दिया। वहीं घायलों ने आरोप लगाया कि हादसे के करीब दो घंटे बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों में आक्रोश देखने को मिला। फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को वजह माना जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक मृतकों के शव पिनान चिकित्सालय में रखे हुए हैं।