कोटा के कोतवाली थाना क्षेत्र के रामपुरा इलाके में देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सलमान के रूप में हुई है। मंगलवार रात करीब 10 बजे एक बदमाश ने उसे रास्ते में रोक लिया और उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया, जिससे वह संभल नहीं पाया और हमलावर ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। युवक ने देर रात तोड़ा दम हमले में गंभीर रूप से घायल सलमान को मौके पर मौजूद लोगों की मदद से तुरंत एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण देर रात करीब 12 बजे उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बच्ची की आंखों में भी चला गया मिर्च पाउडर मृतक के बड़े भाई सुल्तान ने बताया कि रात करीब 8 बजे सलमान डेढ़ साल की बच्ची को चॉकलेट दिलाने दुकान जा रहा था। तभी मोहल्ले के ही सोहेल उर्फ मोंटू ने ने पीछे से आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और चाकू से छह वार कर दिए। हमले में बच्ची की आंखों में भी मिर्च पाउडर चला गया। पुलिस ने आरोपी को किया डिटेन एडिशनल एसपी दिलीप सैनी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है। बदमाश ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को डिटेन कर लिया है, इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एएसपी ने बताया कि आज परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस ने 12 घंटे में खुलासा किया एडिशनल एसपी दिलीप सैनी ने बताया कि पुलिस ने 12 घंटे में खुलासा कर दिया। पुरानी रंजिश के चलते आरोपी सोहेल उर्फ मोंटू ने सलमान पर पहले लाल मिर्च फेंकी और फिर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर घायल सलमान की एमबीएस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। SP तेजस्वनी गौतम के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात कबूल की हैं।