भास्कर संवाददाता| पाली रोहट के दुदिया गांव में शनिवार को आपसी रंजिश को चलते बंजारा परिवार पर मारपीट कर 9 लोगों को घायल करने के मामले में रविवार को समाज ने गिरफ्तारी की मांग को लेकर एएसपी जयसिंह तंवर को ज्ञापन दिया। समाज के गोविंद राम ने बताया कि दूदिया गांव में शनिवार शाम को गांव के कुछ लोग साजिश के तहत ट्रैक्टर-ट्रॉली में लाठी-सरिये और धारदार हथियार लेकर आए। आरोपियों ने ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया। हमले में एक महिला भी घायल हो गई। सभी को शनिवार रात बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल को दूदिया गांव निवासी बंजारा परिवार में शादी थी। इसको लेकर 29 अप्रैल को बंदौली का कार्यक्रम था। घर के बाहर परिवार के लोग डांस कर रहे थे। इस दौरान रात में कई बार गांव का एक युवक ट्रैक्टर लेकर आने-जाने लगा। टोकने पर युवक झगड़ने लगा और बदला लेने के लिए शनिवार को उन लोगों ने हमला किया, इसमें 9 जने घायल हो गए। ज्ञापन देते समय संत चेतनगिरी महाराज, पारस बंजारा, हंसाराम बंजारा, सुरेश कुमार, भगवानराम, महेन्द्र गहलोत, महेन्द्र तंवर, सोहनलाल, जगमाल, भीमाराम सहित समाज के लोग मौजूद रहे।