भास्कर संवाददाता | चूरू कायमनगर कॉलोनी में 13 जुलाई की रात को हुई चोरी का खुलासा नहीं होने पर बुधवार को मोहल्ले के लोगों ने विरोध जताया। एसपी को ज्ञापन देकर चोरों को जल्द गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा करने की मांग की। मोहल्लेवासियों ने बताया कि 13 जुलाई को रात दो बजे एसपी के घर से करीब 300 मीटर दूरी पर स्तिथ कायमनगर कॉलोनी में सात से ज्यादा हथियारबंद चोरों ने घरों में घुस कर नकदी व जेवरात चुरा लिए। मगर पुलिस अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। करीब डेढ़ साल पहले भी इन्हीं दो घरों में चोरी की वारदात हुई थी, जिसका भी आज तक खुलासा नहीं हो पाया है। ज्ञापन में तीन दिन में चोरों के नहीं पकड़े जाने व खुलासा नहीं किए जाने पर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई है। युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष आसिफ खान, लखु खां, आतिफ बेहलीम, हनीफ डीके, अनवर बेहलीम, अकरम डीके, सत्तार खान, मंगतू खां, इस्लाम मनियार, आदिल खान, शौकत खान आदि मौजूद रहे।