डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि VIP नंबर घोटाले को लेकर पुलिस थानों में FIR दर्ज करवाई गई है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। रविवार को मेहंदीपुर बालाजी जाते समय सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान पर कहा - मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टर्स को गिरदावरी कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। रोडवेज में 900 नई बसें, पैनिक बटन की सुविधा डिप्टी सीएम ने बताया - यात्रियों की सुविधा के लिए राज्य सरकार ने 900 नई रोडवेज बसों की खरीद कर उनका संचालन शुरू किया है। इन बसों में महिला सुरक्षा के लिए पैनिक बटन लगाए गए हैं, जिससे जरूरत पड़ने पर तुरंत पुलिस सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में संचालन व्यवस्था में सुधार से रोडवेज को प्रतिदिन करीब डेढ़ करोड़ रुपए का मुनाफा हो रहा है। हाईवे ब्लैक स्पॉट सुधार, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई सड़क हादसों को लेकर उन्होंने कहा कि सभी हाईवे पर ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुधार किया गया है। यात्री बसों में सुविधाजनक मॉडिफिकेशन भी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। NCR में प्रदूषण नियंत्रण के लिए नई बसें, EV पर फोकस NCR क्षेत्र में पुराने वाहनों पर रोक को लेकर उन्होंने कहा कि NGT की गाइडलाइन के अनुसार राज्य सरकार ने नई बसों का संचालन शुरू किया है। स्थायी समाधान के लिए इलेक्ट्रिक बसों की खरीद पर विचार किया जा रहा है और EV वाहनों को भी प्रोत्साहन दिया जाएगा। आयुर्वेद को बढ़ावा, निरोगी गांव बनाने की पहल आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति पर उन्होंने कहा कि यह हमारी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा है। इसे बढ़ावा देने के लिए आयुष्मान आरोग्य केंद्र खोले गए हैं। प्रत्येक विधानसभा की 5 पंचायतों को निरोगी गांव बनाने के लिए टीमें लगाई गई हैं और लोगों को प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान डिप्टी सीएम ने कार्यकर्ताओं की समस्याएं भी सुनीं।