भास्कर न्यूज | सवाई माधोपुर गौतम कॉलोनी स्थित समता भवन के पास बारिश के दौरान करीब दो फीट तक पानी भर जाने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। जलभराव के कारण कॉलोनीवासियों का आवागमन बाधित हो जाता है तथा आसपास के मकानों में भी पानी घुसने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए कई बार प्रशासन को अवगत करवाया। मंत्री डा. किरोड़ी लाल मीणा एवं मुख्यमंत्री स्तर से भी जिला प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद आज तक स्थायी समाधान नहीं हो सका। क्षेत्र में सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा पुरानी सड़क को तोड़कर नई सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन समता भवन के पास जलभराव वाले स्थान की ओर संबंधित अधिकारियों का ध्यान नहीं गया। इससे लोगों में नाराजगी है। अब एक बार फिर लोगों ने कलेक्टर से इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।