भास्कर संवाददाता | पाली जिले में गोवंश पर हो रहे अत्याचार को लेकर कलेक्टर ने इसे गंभीरता से लेते हुए गोवंश को बचाने के लिए गोवंश प्रबंधन अभियान चलाने के निर्देश दिए।गौरतलब है कि गोवंश पर हो रहे अत्याचार को लेकर दैनिक भास्कर द्वारा लगातार खबरे प्रकाशित की जा रही है। इसके बाद गोवंश को बचाने अभियान चालू किया है। कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में नगर निगम आयुक्त एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंशः को निकटतम एवं बड़ी गोशालाओं में स्थानांतरित किया जाए। उन्हें पुनः सड़कों पर आने से रोका जाए। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. मनोज कुमार पंवार ने बताया कि प्रत्येक गोवंश को गोशाला में भेजने से पूर्व विशेष रंग के टैग लगाए जाएंगे। भविष्य में यदि किसी गोवंश को पुनः सड़कों पर छोड़ा जाता है, तो उसकी पहचान कर संबंधित गोशाला के विरुद्ध कार्रवाई की जा सके। निर्धारित रंगों के अनुसार जिले की विभिन्न गोशालाओं को टैग आवंटित किए हैं। यह व्यवस्था गोवंश प्रबंधन को अधिक सुव्यवस्थित एवं जवाबदेह बनाने में सहायक होगी। टैग लगाने एवं रंग निर्धारण का कार्य पशुपालन विभाग द्वारा संबंधित संस्थाओं के सहयोग से किया जाएगा। गोशालाओ कों आवंटित रंग : गोरक्षा समिति पाली हरा, श्रीचारभुजा गोशाला सेवा समिति, गिरादड़ा चौराहा पाली लाल, पिंजरापोल गौशाला, धर्मपुरा पाली नीला, रोहिणी माता गुरुवल्लभ गोशाला, गुंदोज सफेद, शिव नंदी गोशाला राजेन्द्र नगर काला, द्वारकाधीश गोशाला सेवा समिति, रूपावास भूरा, अबूरदा माता खेतलाजी गोशाला, जाडन मारवाड़ जंक्शन आसमानी, ओम देवेश्वर महादेव गोशाला, जाडन मारवाड़ जंक्शन बैंगनी, शनिधाम गोशाला, हिंगावास सोजत नारंगी, उम्मेद गोशाला, सोजत सिटी सोजत सलेटी, कुबाजी महाराज नंदी गोशाला, जेतरां रोहट गुलाबी, राजेश्वर भगवान आंजनी माता गोशाला, नया चेड़ा रोहट आसमानी, सनातन गो सेवा समिति, कीरवा रानी सिल्वर, गोपाल गोवंश कल्याणकारी गोशाला, नेतरा सुमेरपुर गोल्डन व आशापुरा समिति, नेतरा सुमेरपुर मैरून रंग आवंटित किया। 8 अप्रैल को प्रकाशित समाचार।