नशे के सौदागरों ने बचने के लिए ऐसा तरीका अपनाया कि पुलिस भी हैरान रह गई। ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो को 'शादी की गाड़ी' की तरह सजाया। बाकायदा उस पर दूल्हा-दुल्हन के नाम का पोस्टर भी लगाया। ताकि बारात की गाड़ी समझकर पुलिस को शक न हो। तस्करों ने पुलिस की बैरिकेडिंग देख पंचर गाड़ी 5 किमी तक भगाई। इसके बाद गाड़ी छोड़ फरार हो गए। पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने मंगलवार तड़के 486 किलो डोडा पोस्त बरामद करते हुए गाड़ी जब्त कर ली। यह पूरा मामला पाली जिले के देसूरी इलाके का है। पहले ये 3 PHOTOS देखिए… पंचर होने के बाद भी 5 किलोमीटर तक भागते रहे तस्कर बाली एडिशनल एसपी चैनसिंह महेचा ने बताया- मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के बाद राजमार्ग-16 पर हरिओम आश्रम के पास नाकाबंदी की गई थी। मंगलवार तड़के करीब 3 बजे एक स्कॉर्पियो आती दिखी। पुलिस ने जब उसे रोकने का इशारा किया, तो ड्राइवर ने रुकने के बजाय बैरियर तोड़कर गाड़ी भगा दी। पुलिस ने तुरंत 'स्टीक' (लोहे की कीलें) डालकर गाड़ी के टायर पंचर कर दिए। तस्कर इतने शातिर थे कि वे पंचर गाड़ी को ही करीब 5 किलोमीटर तक लापी रोड की तरफ दौड़ाते रहे। जंगल में गायब हुए तस्कर, गाड़ी में मिले 24 कट्टे पीछा कर रही पुलिस टीम ने जब घेराबंदी की, तो तस्कर देसूरी-लापी रोड पर हनुमान जी मंदिर के पास स्कॉर्पियो छोड़कर झाड़ियों और अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल की ओर भाग निकले। जब पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली, तो दंग रह गई। पूरी गाड़ी नशीले पदार्थ (डोडा पोस्त) से लदी हुई थी। पुलिस ने मौके से 24 कट्टों में भरा 486 किलो डोडा पोस्त और तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। पुलिस अब क्या कर रही है? एडिशनल एसपी ने बताया कि तस्करों की पहचान के लिए गाड़ी के नंबर और चेसिस नंबर के आधार पर मालिक का पता लगाया जा रहा है। साथ ही, इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों और तस्करी के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही तस्करों की पूरी चेन का खुलासा कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।