जैसलमेर के देवा गांव में फूड पॉइजनिंग से एक ही परिवार के चार लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार, दोपहर में बैंगन की सब्जी और रोटी खाने के बाद जैसे ही उन्होंने पानी पीया, सभी एक-एक कर बेहोश होने लगे। घबराए परिजन उन्हें तुरंत देवा के स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए चारों को जैसलमेर के राजकीय जवाहिर अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल सभी हालत स्थित है। पढ़िए … सिलसिलेवार पूरा घटनाक्रम 1. खाना खाने के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत रिश्तेदार दिलीप कुमार ने बताया कि पाक विस्थापित भील परिवार के प्रेमाराम (65) के घर गुरुवार को बैंगन की सब्जी बनी थी। दोपहर में परिवार के सभी लोगों ने रोटी और सब्जी खाई। इसके बाद पानी पीते ही घर के सदस्य एक-एक कर बेहोश होकर गिरने लगे। आसपास के लोग और परिजन घबरा गए और तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर सभी को देवा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। 2. पानी पीने वालों की तबीयत बिगड़ी दिलीप ने बताया कि पानी पीने के बाद प्रेमाराम की पत्नी नाजा (60), बेटा मिठूराम (42), उसकी पत्नी धीया (28) और बेटे सागर की पत्नी संगीता (25) की तबीयत बिगड़ गई। प्रेमाराम ने भी वही खाना खाया था, लेकिन उन्होंने पानी नहीं पिया था, इसलिए उनकी तबीयत नहीं बिगड़ी। 3. सभी खतरे से बाहर, जांच के लिए टीम रवाना जवाहिर हॉस्पिटल अस्पताल के डॉ. नरेश शर्मा ने बताया- देवा स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज के बाद चारों को दो 108 एम्बुलेंस से जवाहिर हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया। दूषित भोजन या पानी से यह परेशानी हुई है और समय पर इलाज मिलने से सभी मरीज अब खतरे से बाहर हैं। सीएमएचओ डॉ. राजेंद्र पालीवाल ने बताया- घटना की सूचना मिलते ही फूड सेफ्टी टीम देवा गांव के लिए रवाना कर दी गई है। भोजन और पानी के सैंपल लेकर जांच की जाएगी।