धनतेरस पर बाजारों में सुबह से खरीदारी के लिए शहरवासियों की भीड़ लगी है। शोरूम से लेकर बर्तनों की दुकानों पर लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। शहर के रातानाड़ा गणेश मंदिर में गाड़ियों के पूजन के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी पहुंचे। यहां फोर व्हीलर से लेकर थ्री व्हीलर और टू व्हीलर मालिक अपनी-अपनी गाड़ियां लेकर पहुंच रहे है। सुबह से ही मंदिर परिसर में गाड़ियों की पूजा के लिए लंबी लाइन लगी हुई है। ऑटोमोबाइल का मार्केट भी बूम पर है। एक-एक शोरूम से करीब 100 से ज्यादा कारों की डिलीवरी हो रही है। बताया जा रहा है कि एक ही दिन में एक हजार से ज्यादा कारों की डिलीवरी हो रही है। जोधपुर में दीपावली के त्योहार को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस की ओर से चार दिनों के लिए नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत सरदारपुरा में खरीदारी के लिए जाने वाले शहरवासी बी और सी रोड पर गाड़ियां पार्क नहीं कर पाएंगे। वहीं दीपावली पर रोशनी देखने वाले शहरवासियों और टूरिस्टों को लेकर नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत शहर में ट्रक और डंपर समेत बस व रोडवेज बसों की एंट्री बंद रहेगी।