धौलपुर के गांव बरौली निवासी आशु शर्मा के राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) परीक्षा में 212वीं रैंक के साथ चयनित होने पर रविवार को राजस्थान यूनिवर्सिटी स्थित संविधान पार्क में स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बरौली गांव और उसके आसपास के युवाओं द्वारा किया गया। समारोह में आशु शर्मा का पुष्पमाला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर स्वागतकर्ताओं की ओर से सुरेन्द्र कुमार मीना, प्रधानाध्यापक, केन्द्रीय विद्यालय संगठन ने आशु शर्मा को शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता बरौली गांव सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से आशु शर्मा की मेहनत, लगन, कठिन परिश्रम और संघर्ष से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा— “न किसी राहवर, न किसी रहगुजर से निकलेगा, हमारे पांव का कांटा है, सिर्फ हमीं से निकलेगा। और तलाश कीजिए— खजाना आशु जैसे संघर्षरत प्रतिभाओं में से निकलेगा।” उन्होंने कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल सही मार्गदर्शन, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास की है। वहीं आशु शर्मा ने भी ग्रामीण पृष्ठभूमि एवं अभावग्रस्त परिवारों के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सीमित संसाधन सफलता में बाधा नहीं बनते। उन्होंने युवाओं को कठिन मेहनत, निरंतर प्रयास, अनुशासन और संघर्ष के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उनका कहना था कि लगातार मेहनत से किए गए प्रयास व्यक्ति को उच्च सफलता तक पहुंचा सकते हैं। कार्यक्रम में गांव एवं आसपास क्षेत्र के कई युवा और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में सभी ने आशु शर्मा के उज्ज्वल भविष्य एवं सफल प्रशासनिक सेवा के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।